धमतरी, 10 मार्च (हि.स.)। शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रही है। योजना से मिलने वाली सहायता राशि से महिलाएं न केवल अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर रही हैं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी बचत कर रही हैं।

धमतरी जिले के ग्राम श्यामतराई की निवासी नीतू साहू इसकी प्रेरक मिसाल बनकर उभरी हैं। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाली नीतू साहू के सामने सीमित आय और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच सबसे बड़ी चिंता अपनी बेटियों नित्या और जागृति के भविष्य की थी। उनकी पढ़ाई और आगे चलकर विवाह के लिए आर्थिक व्यवस्था करना उनके लिए चुनौती बना हुआ था।
इसी बीच राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना उनके जीवन में उम्मीद की नई किरण बनकर आई। योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। नीतू साहू ने इस राशि का उपयोग करते हुए अपनी दोनों बेटियों के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के तहत पोस्ट ऑफिस भटगांव में खाते खुलवाए। पहले आर्थिक तंगी के कारण वे साल भर में मुश्किल से एक हजार रुपये ही जमा कर पाती थीं, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से हर महीने दोनों बेटियों के खातों में 500-500 रुपये नियमित रूप से जमा कर रही हैं। इस तरह हर साल 6000 रुपये की बचत बेटियों के भविष्य के लिए सुरक्षित हो रही है।
नीतू साहू का कहना है कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक सहारा देने के साथ भविष्य के प्रति भरोसा भी दिया है। उन्हें विश्वास है कि जब उनकी बेटियाँ बड़ी होंगी, तब यह बचत उनकी पढ़ाई और विवाह में सहायक साबित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
