भुवनेश्वर, 10 मार्च (हि.स.)। ओड़िशा के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री गणेश राम सिंहखुंटिया ने मंगलवार को विधानसभा में बताया कि राज्य में मगरमच्छों की संख्या बढ़कर 2,193 हो गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.54 प्रतिशत अधिक है।

विधानसभा में बराम्बा के विधायक बिजया कुमार दलाबेहरा के प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि राज्य के वन विभाग की नवीनतम गणना के आधार पर राज्य में मगरमच्छों की संख्या बढ़कर 2,193 हो गई है। गणना के
अनुसार सतकोसिया और टिकरपाड़ा के सुंदर क्षेत्रों में वर्तमान में 65 वयस्क मगरमच्छ और 22 शावक पाए गए हैं।
मंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2025–26 के दौरान राज्यभर में पक्षियों की बड़ी संख्या दर्ज की गई। इस अवधि में ओडिशा में कुल 24,90,986 पक्षियों का आगमन दर्ज किया गया। हालांकि चिलिका झील में कोई दुर्लभ प्रजाति नहीं पाई गई, लेकिन वहां दो नई पक्षी प्रजातियों की पहचान हुई है, जबकि हीराकुंड जलाशय में पांच नई प्रजातियां दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष सर्दियों के मौसम में हजारों प्रवासी पक्षी, विशेषकर जलपक्षी, कड़ाके की ठंड से बचने के लिए ओडिशा के आर्द्रभूमि क्षेत्रों में आते हैं। आमतौर पर ये पक्षी नवंबर से आना शुरू करते हैं, जनवरी में उनकी संख्या चरम पर होती है और ठंड कम होने के साथ फरवरी के मध्य से वे अपने मूल आवासों की ओर लौटने लगते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
