नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। पूर्वी अफ्रीकी देश मोजाम्बिक के मध्य और दक्षिणी प्रांतों में आई बाढ़ से मची तबाही के बीच भारत ने मंगलवार को व्यापक मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान शुरू किया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार संकट की इस घड़ी में मोजाम्बिक के साथ भारत ने एकजुटता दिखाते हुए यहां के लिए खाद्य सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं सहित अन्य बहुआयामी सहायता प्रदान की है। इसमें तत्काल खाद्य सहायता के रूप में 500 मीट्रिक टन चावल और 10 मीट्रिक टन अन्य राहत सामग्री भारतीय नौसेना के जहाज के जरिए भेजी गई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, भारत हिंद महासागर क्षेत्र और अफ्रीका में विश्वसनीय प्राथमिक प्रतिक्रियाकर्ता और दृढ़ सहयोगी के रूप में अपनी भूमिका के प्रति प्रतिबद्ध है। मोजाम्बिक के लोगों को मानवीय चिकित्सा और रसद संबंधी हरसंभव सहायता प्रदान करना जारी रखा जाएगा ताकि वहां जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल हो सके।”
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी
