सुपौल, 10 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तहत सुपौल दौरे को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग कर मीडिया को विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्मली प्रखंड स्थित निर्मली रिंग बांध की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य का उद्घाटन किया। यह कार्य वर्ष 2025 की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित किया गया था, जो अब पूर्ण हो चुका है। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर बांध का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा निर्मली अनुमंडल कार्यालय के सामने मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सरकारी योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया और कई योजनाओं के लाभुकों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया।
निर्मली में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि छातापुर और त्रिवेणीगंज में सुरसर नदी चैनलाइजेशन और तटबंध मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। वीरपुर में निबंधन कार्यालय के नए भवन के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। सुपौल स्टेडियम के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो गया है, जबकि बाबा तिल्हेश्वर नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार और सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है।
इसके अलावा त्रिवेणीगंज और पिपरा बाजार के बाईपास निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। नए बस स्टैंड और हवाई अड्डा परियोजना पर भी काम चल रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि सुपौल में बस स्टैंड निर्माण के लिए जल्द ही निविदा जारी की जाएगी। वहीं वीरपुर हवाई अड्डा परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। मौजूदा रनवे को 1080 मीटर से बढ़ाकर 3040 मीटर करने की योजना है, जिसके लिए 88.83 एकड़ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में लोगों को लाभान्वित किया गया है। मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत इंटर स्तर की 7704 बालिकाओं को 19.26 करोड़ रुपये वितरित किए गए। स्नातक प्रोत्साहन योजना के तहत 16071 छात्राओं को 80.35 करोड़ रुपये दिए गए।
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 924 लाभार्थियों को पहली किश्त सहित कुल 62.09 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 5.18 लाख लाभुकों को 10-10 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 2392 वार्डों में से 2228 वार्डों में 24,020 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जा चुके हैं और शेष कार्य मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना के तहत 11,471 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 10,217 विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
प्रेस ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि वर्ष 2024 की तुलना में जिले में हत्या, डकैती, लूट, चोरी, दंगा और दहेज मृत्यु जैसे प्रमुख अपराधों में कमी दर्ज की गई है। अपराध नियंत्रण को लेकर सभी थानों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं और पुलिस सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
