मेदिनीपुर, 11 मार्च (हि.स.)।

पश्चिम मेदिनीपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ को लेकर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा के बीच सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है। जिले के विभिन्न अंचलों में निकल रही इस यात्रा ने आगामी चुनाव से पहले राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। भाजपा जहां इस यात्रा को जनसमर्थन का प्रतीक बता रही है, वहीं तृणमूल कांग्रेस इसे पूरी तरह विफल करार देने में जुटी है।
परिवर्तन यात्रा के माध्यम से भाजपा अपनी सांगठनिक धार तेज करने की कोशिश कर रही है। रथ परिक्रमा और जनसभाओं के इस दौर में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और राहुल सिन्हा जैसे दिग्गज नेता हुंकार भर रहे हैं। इसी क्रम में कुर्मी समाज के प्रभावशाली नेता राजेश महतो का भाजपा में शामिल होना क्षेत्र के जातीय समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जनसभाओं में भाजपा नेताओं ने लोक-लुभावन वादों की झड़ी लगा दी है, जिसमें ‘लक्ष्मी भंडार’ की राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने, किसानों को वार्षिक 18 हजार रुपये की सहायता और भ्रष्टाचार मुक्त शिक्षक नियुक्ति जैसे संकल्प शामिल हैं।
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के इन दावों पर कड़ा प्रहार किया है। पार्टी का तर्क है कि भाजपा की सभाओं में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि बंगाल की जनता ने इस यात्रा को नकार दिया है। पुलिस रिपोर्टों का हवाला देते हुए तृणमूल नेताओं ने दावा किया कि अधिकांश कार्यक्रमों में उपस्थिति बेहद कम रही है।
हालांकि, भाजपा नेतृत्व का कहना है कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य शक्ति प्रदर्शन के बजाय बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को पुनर्जीवित करना है।नारायणगढ़ के नेता गौरिशंकर अधिकारी और अरूप दास के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के भीतर इस यात्रा से नया उत्साह संचारित हुआ है और देर रात तक लोगों का रथ का इंतजार करना जमीनी हकीकत को बयां करता है।
इधर, पलटवार की रणनीति के तहत तृणमूल कांग्रेस के घाटाल सांगठनिक जिला अध्यक्ष अजीत माइती ने भाजपा पर मतदाताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। भाजपा की इस यात्रा के जवाब में तृणमूल ने भी जवाबी जुलूस निकालने का निर्देश दिया है, जिससे आने वाले दिनों में जिले के भीतर राजनीतिक टकराव और तेज होने की संभावना है। दोनों ही दल अब इस ‘यात्रा’ के बहाने ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की होड़ में लगे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
