कोलकाता, 11 मार्च (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले में भाजपा के एक स्थानीय नेता पर गोली चलाये जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना बुधवार सुबह गंगासागर तटीय थाना क्षेत्र में हुई। इस घटना में भाजपा नेता गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गये।

पुलिस के अनुसार घायल नेता की पहचान त्रिलोकेश ढाली के रूप में हुई है। आरोप है कि बुधवार सुबह दो बदमाश मोटरसाइकिल पर आए और अचानक उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद त्रिलोकेश ढाली घटनास्थल पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल नेता को तुरंत सागर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अभी तक हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
इस बीच घायल नेता के परिवार ने हमले के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है। उनके बेटे त्रिदीप ढाली का दावा है कि आगामी चुनाव में उनके पिता को भाजपा से टिकट मिलने की संभावना थी, इसी कारण उन पर हमला कराया गया।
वहीं बापी हलदर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हर घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराना भाजपा की आदत बन गई है। उनके अनुसार यह भाजपा के अंदरूनी गुटीय विवाद का परिणाम हो सकता है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
