नारनाैल, 11 मार्च (हि.स.)। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) महेंद्रगढ़ के प्रबंधन अध्ययन विभाग को प्रतिष्ठित उच्च शिक्षा मूल्यांकन मंच ‘करियर्स360’ द्वारा जारी ‘इंडियाज बेस्ट बी-स्कूल 2026’ की सूची में ‘एएए’ रेटिंग प्रदान की गई है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा, शैक्षणिक वातावरण तथा समग्र संस्थागत विकास का प्रमाण है।

कुलपति प्रो टंकेशवर कुमार ने बुधवार को कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह रेटिंग विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार और उद्योग-संस्थान सहयोग को सुदृढ़ करते हुए प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में अपनी भूमिका को और मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि करियर्स360 द्वारा यह मूल्यांकन विद्यार्थियों की गुणवत्ता, संकाय की दक्षता, शिक्षण-अधिगम वातावरण, अधोसंरचना, विविधता, प्लेसमेंट और अनुसंधान जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया है। इन सभी पहलुओं के समग्र आकलन के उपरांत हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, महेंद्रगढ़ के प्रबंधन अध्ययन विभाग को देश के श्रेष्ठ बी-स्कूलों में स्थान प्रदान किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
