वाराणसी, 11 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास गंभीर है। मंदिर न्यास ने गर्मी का प्रभाव निरंतर बढ़ने के कारण श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।

श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से धाम में जर्मन हैंगर की व्यवस्था की गई है, ताकि दर्शन के लिए प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं को धूप और गर्मी से किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालु बिना किसी कष्ट के भगवान श्री विश्वेश्वर का शांतिपूर्वक दर्शन कर सकेंगे। ग्रीष्म ऋतु के प्रारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या तथा कतार की लंबाई बढ़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। मंदिर के सीईओ डॉ विश्वभूषण मिश्र ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि धाम में विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया गया है कि कतार में खड़े श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। यदि श्रद्धालुओं के साथ छोटे बच्चे या बुजुर्ग भी हों, तो उन्हें भी आरामपूर्वक प्रतीक्षा करने और दर्शन करने में कोई कठिनाई न हो। इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। बताया गया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
