फतेहाबाद, 11 मार्च (हि.स.)। नशे में जकड़ी युवा पीढ़ी को नशामुक्त कर समाज की मुख्य धारा में जोडऩे को लेकर प्रयासरत महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 23 मार्च सोमवार को शहीदी दिवस के अवसर पर एक ‘नशे के खिलाफ विशाल यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा । इस कार्यक्रम को लेकर ट्रस्ट की टीम संस्थापक भवानी सिंह के नेतृत्व में बुधवार को डेरा बाबा भूमण शाह, संगर साधा के गद्दीनशीन बाबा ब्रह्मदास से मिली। इस अवसर पर बाबा ब्रह्मदास द्वारा यात्रा के निमंत्रण कार्ड व पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। बाबा ब्रह्मदास ने महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि नशा आज समाज को दीमक की तरह खा रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस नशा तस्कर रूपी दानव से समाज को बचाने के लिए इस कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भाग लें। बाबा ब्रह्मदास ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी हमारे देश का भविष्य है, लेकिन नशा इस भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है. नशा न केवल एक व्यक्ति को शारीरिक रूप से खत्म करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज की नींव हिला देता है। नशा तस्कर रूपी दानव हमारे बच्चों की ऊर्जा और प्रतिभा को लील रहे हंै, इसलिए, समय की मांग है कि हम सब एकजुट होकर युवाओं को अध्यात्म, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर लाएं। ठाकुर भवानी सिंह ने बताया कि 23 मार्च को यह विशाल यात्रा प्रात: 10 बजे स्थानीय अनाज मंडी से शुरू होकर शहीद स्मारक, फतेहाबाद तक निकाली जाएगी। इससे पूर्व अनाज मण्डी शैड के नीचे आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति पूर्ण प्रस्तुतियों से युवाओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों बारे जागरूक किया जाएगा। भवानी सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल चलना नहीं, बल्कि सोए हुए समाज को जगाना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाबा ब्रह्मदास के साथ अनेक संत-महात्मा मौजूद रहे। इसके अलावा विशेष तौर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी और ब्रांड एम्बेसडर नशामुक्त हरियाणा सियाज पूनिया शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा करेंगे । विशिष्ट अतिथियों में उपायुक्त विवेक भारती, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ जैन और सहायक पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहेंगे। इस पुनीत कार्य में जिले की 25 से अधिक संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। इस अवसर पर सरपंच मोहन गढ़वाल अकांवाली, राकेश कम्बोज सरपंच नूरकी, अमनदीप कम्बोज सरपंच प्रतिनिधि हरिपुरा, जोगिन्द्र सरपंच कुकड़ांवाली, मनोज सरपंच बीघड़, सुरेश कम्बोज सरपंच प्रतिनिधि दरियापुर, विकास कम्बोज सरपंच बरसीन, अशोक अलीका, अनिल गढ़वाल सरपंच प्रतिनिधि भोडिय़ाखेड़ा, अनिल सरपंच कारियां, कृष्ण पारचा, विक्रम, गुरदीप अयाल्की सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
