हरिद्वार, 11 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बाहरी प्रदेशों से आए किरायेदारों, मजदूरों, कर्मचारियों और फड़-ठेली संचालकों का व्यापक सत्यापन किया गया।

पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें बनाकर कोतवाली नगर क्षेत्र के होटल, धर्मशाला, जिम, आवासीय कॉलोनियों और मकानों में काम करने वाले लोगों की जांच की गई। अभियान के दौरान मौके पर ही कई लोगों का सत्यापन किया गया।
पुलिस के अनुसार अब तक करीब 1500 लोगों का सत्यापन किया जा चुका है। वहीं जिन मकान मालिकों, होटल संचालकों और धर्मशाला संचालकों ने किरायेदारों या कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराया था, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
कोतवाली नगर पुलिस ने पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए 260 मकान मालिकों के खिलाफ चालान किए हैं। इन चालानों के माध्यम से कुल 26 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और संबंधित रिपोर्ट न्यायालय को भेजी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने मकान मालिकों, होटल और धर्मशाला संचालकों से अपील की है कि वे किरायेदारों और कर्मचारियों का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
