नासरीगंज (रोहतास) नगर पंचायत क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराये हुए मकान बनवानेवाले भूस्वामी हो जाइये सावधान। अगर आप नगर पंचायत क्षेत्र में नगर प्रशासन द्वारा बगैर नक्शा पास कराये हुए मकान बनवा रहे हैं, तो कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें। या तो आपको एक बहुत बड़ी राशि आर्थिक दंड के रूप में भरनी होगी या फिर प्रशासन अपने इलाके में बिना नक्शा पास हुए बननेवाले मकानों को तोड़ देगा। नगर प्रशासन द्वारा ऐसे लोगों की सूची बनायी जा रही है, जिन्होंने बिना नक्शा पास कराये ही कार्य शुरू करवा दिया है। सूची में शामिल होनेवाले भूस्वामियों के खिलाफ पहले नोटिस भेजी जायेगी और फिर उनलोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।उक्त बातें नगर कार्यपालक पदाधिकारी जुल्फेकार अली प्यामी ने पत्रकारों से बात करते हुए कही।उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में निर्माण कार्य करानेवाले भूस्वामियों को हर हाल में नक्शा पास कराना होगा। नक्शा पास कराने का कार्य हर हाल में कार्य के प्रारंभ होने से पूर्व करना है। ऐसा न करने वाले भूस्वामियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जायेगी। नगर क्षेत्र में मकान निर्माण कराने वाले भूस्वामियों को अनिवार्य तौर पर नक्शा पास कराना होगा। जिन लोगों ने निर्माण से पूर्व नक्शा पास नहीं कराया है उनलोगों को जल्द ही नोटिस भेजा जायेगा।

मुखिया ने जानलेवा हमला करने वाले हमलावरों को शीघ्र गिरफतार करने की रोहतास एसपी से की मांग

नासरीगंज (रोहतास) थाना क्षेत्र के पिपरडीह गांव निवासी पवनी पंचायत के मुखिया विजय भगवान तिवारी उर्फ बादशाह तिवारी ने अपने ऊपर एक महीने पूर्व अपराधियों द्वारा जानलेवा हमला करने वाले हमलावरों को शीघ्र गिरफतार करने की मांग रोहतास एसपी से किया है। इस सम्बंध में मुखिया ने बताया कि उक्त घटना के एक महीने के बाद भी पुलिस उक्त घटना का उदभेदन करने में असमर्थ है। केवल एक लाइनर की गिरफ्तारी कर मामले का उदभेदन के नाम पर खानापूर्ति कर हाथ पर हाथ रख बैठी है। इस मामले में अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। इलाज के बाद अपने गांव में स्वास्थ्य लाभ ले रहे मुखिया ने बताया कि मैं मौत के मुंह से वापस आया हूं। अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। मेरा पूरा परिवार घटना के बाद सहमा सा हुआ है। घटना के बाद न तो मैं स्वतन्त्रता दिवस पर ध्वजारोहण करने गया औऱ न ही प्रखंड कार्यालय पर होनी वाली महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हो पाया।अभी भी मैं चिकित्सकों के देख रेख में हूँ। पूरी तरह स्वस्थ्य नहीं हूँ। मेरे डेहरी स्थित बड़े पुत्र का परिवार समेत गांव पर के सभी परिवार के सदस्यगण घटना के बाद डरे सहमे से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मुखिया पुत्र नीरज उर्फ गुड्डू तिवारी ने बताया कि परिवार निश्चित रूप से सहमा हुआ है।मुखिया समेत उनके परिवार के सदस्यों ने सुरक्षा की गुहार जिला प्रशासन से लगाई है। बताते चलें कि पवनी मुखिया को डालमियानगर थानान्तर्गत सिधौली गांव में विगत 26 जुलाई को दो बाइक पर सवार अपराधियों ने घात लगाकर ताबड़तोड़ गोली चला फरार हो गये थे। जब मुखिया अपने सैनिक पुत्र के घर सिधौली गये हुए थे। जिससे मुखिया गम्भीर रूप से घायल हो गये थे उनके सर पर गोली लगी थी। घायलावस्था में मुखिया को एनएमसीएच जमुहार इलाज के लिये ले जाया गया था जहां चिकित्सकों ने गहन ऑपरेशन कर उन्हें खतरे से बाहर किया था। वर्तमान में मुखिया अपने निवास पर स्वास्थय लाभ ले रहे हैं। चिकित्सकों ने उन्हें स्वास्थ्य लाभ लेने की सलाह दी है।
