सासाराम (रोहतास) जिलान्तर्गत विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। कहीं से किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। उपद्रवी / असामाजिक तत्वों के विरूद्ध पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। अभी तक गिरफ्तारियों की संख्या – 44 हो गई है, जबकि 07 व्यक्ति को प्रिवेंटिव डिटेंशन में लिया गया है। सभी 29 चिन्हित स्थानों पर पुलिस बल के साथ दण्डाधिकारी चौबीस घंटे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। प्रभावित इलाकों में वरीय दण्डाधिकारियों
के नेतृत्व में गश्ती जारी है। एसएसबी / आरएएफ/ बीएमपी / एसटीएफ एवं जिला पुलिस बल के सभी लोग तैनात है। जिला कंट्रोल रूम पूर्ववत कार्यरत है। जिला के वरीय प्रशासनिक / पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में प्रभावित इलाके में आरएएफ के द्वारा फ्लैग मार्च किया गया है। जिला पदाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के द्वारा कल सायं प्रभावित इलाकों में भ्रमण कर आम जनों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया गया। सुबह लगभग 04:15 बजे गश्त कर रहे पदाधिकारी एवं बल ने साकेत नगर इलाके में एक विद्युत स्पार्क देखा। तत्क्षण उनके द्वारा अग्निशमन एवं बिजली विभाग को सूचना दी गई। अग्निशमन एवं बिजली विभाग ने तुरन्त स्थल पर पहुँच छोटे आग के रूप में परिवर्तित इस विद्युत स्पार्क पर नियंत्रण कर लिया।
विधि-व्यवस्था संधारण तथा शांति व्यवस्था कायम रखने में आम जनों के सहयोग हेतु जिला प्रशासन द्वारा उनका आभार व्यक्त किया जाता है। जिला प्रशासन आम जनों से आगे भी इसी सहयोग का आकांक्षी है, साथ ही निवेदन है कि किसी भी प्रकार के अफवाह पर विश्वास न करें।

