डूंगरपुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन स्वच्छता के तहत बिछीवाड़ा पुलिस को शनिवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी के दौरान एक ट्रक कंटेनर से 118.26 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

–
थानाधिकारी कैलाशचन्द्र सोनी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उदयपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस चौकी पर सघन नाकेबंदी की गई। जब संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस भी दंग रह गई। तस्करों ने चालक की सीट के पीछे एक विशेष गुप्त केबिन बना रखा था। तलाशी के दौरान इस गुप्त बॉक्स से पुलिस को 10 प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए, जिनमें भारी मात्रा में अफीम डोडा चूरा भरा हुआ था।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान मिथुन पुत्र ताजु डोन, राहुल पुत्र लालुराम अहारी और जगदीश पुत्र हाजा डोन के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित इस खेप को परचूनी सामान की आड़ में गुजरात और महाराष्ट्र की ओर ले जाने की फिराक में थे। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में प्रयुक्त ट्रक कंटेनर को भी जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपितों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके मुख्य सौदागर कौन हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष
