* मशीन जमा, आज से डीलर हड़ताल पर

करगहर (रोहतास) गरीबों को दो वक्त का खाना खिलाने का जरिया बने सूबे भर के डीलरों ने रविवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। हड़ताल में सूबे के करीब 55 हजार डीलर शामिल होंगे। इस हड़ताल से पूरे बिहार के 8 करोड़ 71 लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित होंगे। नाराज डीलर चरण बद्ध, तरीके से हड़ताल की शुरुआत एमओ कार्यालय में पॉश मशीन जमा कर करेंगे। लोगों ने आपस में मंत्रणा भी की बैठक के बाद कहा कि मांगें पूरी होने तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा। इतना ही नहीं मांगों के समर्थन में 9 जनवरी को सूबे भर के डीलर पटना के गर्दनीबाग में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखेंगे। करगहर डीलर संघ के उपाध्यक्ष अमर चौरसिया ने बताया कि फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन सरकार से पहले ही आठ सूत्री मांग कर चुका है। उसको पूरा करने के बजाय सरकार डीलरों पर हर दिन नए-नए नियम लागू कर रही है। सरकार ने गरीबों को वितरण के लिए हर माह पांच किलो अनाज देने का ऐलान किया है। यह बहुत ही बेहतर कदम है। लेकिन डीलर इसका वितरण कैसे करेंगे, इसका कोई उपाय नहीं बताया। सरकार को पता है कि सभी डीलर किराए पर लेकर दुकान चला रहे हैं। पिछले दो वर्षों से डीलरों को अब तक मार्जिन मनी नहीं दिया तो दुकान का किराया कहां से भरेगा।
यही नहीं डीलर संघ के उपाध्यक्ष अमर चौरसिया ने बताया कि सभी को पता है कि अनाज उठाने के लिए डीलरों को चलान जमा करना पड़ता है। इस बार भी सभी डीलर अपना-अपना चलान जमा कर चुके हैं। अब अचानक से सरकार का आदेश आता है कि उपभोक्ताओं को मुफ्त अनाज देना है। ऐसे में चलान के तौर पर जमा की राशि कौन और कब देगा। डीलर अपनी पकिट से पैसा लगाकर मुफ्त का अनाज कैसे बांट सकते हैं। सूबे भर में कई अरब रुपए का चालान डीलर जमा कर चुके हैं।
