नासरीगंज (रोहतास) प्रखण्ड के परसियां, धनावं और अमियावर पंचायत में चल रहे कचरा प्रबंधन कार्य की समीक्षा के लिए बीडीओ मोहम्मद जफर इमाम ने प्रखंड मुख्यालय में तीनो पंचायत के मुखिया, तकनीकी सहायक, प्रखंड समंवयक और पंचायत सचिवों के साथ एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने उक्त पंचायतों में चल रहे कचरा प्रबंधन के कार्यों की जानकारी ली और इसे बेहतर तरीके से करने हेतु विस्तृत चर्चा की। इसी के साथ बीडीओ ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन इकाई से जुड़े सोखता, नाले और जंक्शन चैंबर का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। ताकि कचरा प्रबंधन इकाई का कार्य सुचारु रूप से चल सके। बीडीओ ने बताया कि परसियां स्थित जिले की पहली ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जबकि अन्य दो पंचायतों में निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। वही उन्होंने ओडीएफ अभियान को सफल बनाने को लेकर लोगो को जागरूक करने के लिए मुखिया से कहा। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि कौशल कुमार, शाहिद हुसैन, प्रखण्ड समन्वयक चेतन आनंद, तकनीकी सहायक धर्मेंद्र मिश्रा, नौशाद आलम उपस्थित थे।

