दुर्गावती (कैमूर) थाना क्षेत्र अंतर्गत महमूद गंज बाजार के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन सड़क किनारे से गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक पिकअप से काफी मात्रा में शराब बरामद किया है। पुलिस ने शराब लेकर जा रहे शराब तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार शराब तस्कर राज कुमार राम पिता रामाश्रय राम ग्राम डरवन थाना रामगढ़ जिला कैमूर का निवासी बताया जा रहा है। बताते चलें कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली की एक पिकअप रजिस्ट्रेशन संख्या बीआर 44 जी ए 2805 से काफी मात्रा में शराब की खेप एन एच के रास्ते उत्तर प्रदेश से बिहार में भेजी जा रही है जिसके बाद थाना अध्यक्ष ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल यूपी बिहार की सीमा खजुरा की तरफ रवाना हो गए जहां महमूद गंज बाजार के पास उक्त नंबर की पिकअप गाड़ी को आते हुए देखकर उसे रोकने की कोशिश किया गया तो चालक तेजी से गाड़ी लेकर भागने का प्रयास किया जिसे पुलिस के द्वारा दौड़ाकर पकड़ लिया गया। इसके बाद गाड़ी की तलाशी ली गई तो गाड़ी के डाला के नीचे बने हुए गुप्त तहखाने से कुल 1818 अंग्रेजी शराब की बोतल कुल मात्रा 327.240 लीटर बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस के द्वारा पिकअप सहित चालक को दुर्गावती थाने लाया गया जहां पूछताछ करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

