डिजिटल टीम, डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। रोहतास जिले के इंद्रपूरी थाना क्षेत्र के मिठोपुर गांव की रहने वाली नीतु कुमारी के मौत के मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला था। इसके पहले नीतु कुमारी ने अपने प्रेमी के दोस्त को फोन कॉल किया था। एसपी विनित कुमार ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि मृतका का नहसिंह बिगहा के रहने वाले राजेश से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी की शादी दूसरी जगह तय करा दी गई थी। जिस कारण वो डिप्रेशन में रह रही थी। दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। पुलिस के अनुसार, घटना के दिन मृतका ने प्रेमी के दोस्त को वीडियो कॉल किया और राजेश से बातचीत करने की बात कही। उसने प्रेम में धोखा होने की बात दोहराई थी। उसने जान देने की धमकी दी। इस दौरान बैक ग्राउंड में नहर दिख रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रेमी अपने परिजनों के पास उड़ीसा चला गया था। राजेश को वापस घर भेज दिया गया था।पुलिस ने पूछताछ के बाद राजेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

