बिक्रमगंज(रोहतास)। लोकगीत के एक प्रोग्राम को लेकर वाराणसी जाने के क्रम में रोहतास की बेटी और चर्चित लोक गायिका मनीषा श्रीवास्तव ने कहा कि आज शादियों में जो द्विअर्थी और अश्लील गाने बज रहे हैं , वह हमारे लोक- संगीत के लिए बड़ा ही घातक है । बिहार सरकार ने इस पर जो नियम कानून और अपनी तीखी निगाह खड़े किए हैं, यह बहुत ही सराहनीय कार्य है । यही नहीं कई गीतकारों के ऊपर भी केस मुकदमा भी दर्ज हो रहे हैं । बिहार प्रशासन ने एक बहुत बढ़िया आदेश जारी किया है । भोजपुरी लोकगीत के नाम पर अश्लीलता व जातिवादी गीत प्रस्तुत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के संबंध में मैं इस निर्णय का स्वागत करती हूं । साथ ही सरकार व प्रशासन से यह भी कहूंगी कि वैसे यूट्यूब चैनल जिनपर इस तरह के गाने अपलोड हो रहे हैं उनको भी बैंन किया जाय अथवा डिलिट करवाया जाय । प्रशासन के इस छोटे शुरुआत को व्यापकता के साथ लागू करना होगा वरना ये रातो- रात स्टार बनने के चक्कर में बिना सुर ताल के गाने वाले लोग भोजपुरी ही नहीं बल्कि पुरे बिहार को बदनाम करते रहेंगे । इनके खिलाफ आर्थिक दंड के साथ पांच- छह साल का नाॅन बेलेबल जेल भेजने का भी प्रावधान हो । सिर्फ गायक ही नहीं बल्कि गीतकार व रिलिज करने वाली कम्पनियों को भी दंड दिया जाए । हालांकि यह काम बहुत पहले करना चाहिए । फिर भी देर आए दुरुस्त आए की भावना के साथ सरकार व प्रशासन के इस निर्णय का हार्दिक स्वागत है ।

