सासाराम (रोहतास) मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के आकाशवाणी मोड़ के समीप पुरानी जीटी रोड पर सोमवार को सुबह स्कूटी व ट्रैक्टर की टक्कर में स्कूटी सवार दो युवकों की मौक पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के करूप गांव निवासी स्व. सर्वजीत सिंह के 22 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार व उसी गांव के रहने वाले अशोक सिंह के 20 वर्षीय पुत्र अंशुल कुमार के रूप में हुई है। घायल युवक उसी गांव के रामराज सिंह का पुत्र धर्मजीत कुमार बताए जाते है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। घायल का इलाज सासाराम के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।मृतक के परिजनों ने बताया कि तीनों युवक आपस में दोस्त थे। प्रकाश को परीक्षा देने पटना जाना था। वहीं, अंशुल व धर्मजित को इलाज के लिए वाराणसी जाना था। इसी वजह से तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर गांव से सासाराम ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। बेदा के पास आकाशवाणी मोड़ पर पहुंचते ही धान लदे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गए।टक्कर होने के बाद ट्रैक्टर ट्राली स्कूटी सवार के ऊपर ही पलट गई। इससे प्रकाश और अंशुल की दबकर मौत घटनास्थल पर ही हो गई। प्रकाश और अंशुल जीएनएम की पढ़ाई करते थे। प्रकाश तीसरा वर्ष व अंशुल द्वितीय वर्ष के छात्र थे। घटना के बाद दोनों परिवार में कोहराम मच गया। सड़क दुघर्टना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सासाराम पुरानी जीटी रोड को बेदा मोड़ के पास जाम कर दिया। इसके बाद घटनास्थल पर सासाराम मुफ्फसिल थाने की पुलिस पहुंची और सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा बुझाकर हटवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली व स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया है।

