रांची, 27 जनवरी (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर मंगलवार को रांची जिला के सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान कई लोगों के मामले का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि जटील समस्याओं को संबंधित विभागीय पदाधिकारी के पास भेजा गया। जनता दरबार के दौरान नागरिकों की विभिन्न राजस्व और प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान के साथ विभिन्न अंचलों में जाति, आय, आवासीय, पारिवारिक सदस्यता, जन्म प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पंजी-II सुधार, मुआवजा, पेंशन सहित अन्य राजस्व मामलों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।

मांडर अंचल में आयोजित जनता दरबार में शोभा तिर्की, शाहरोन तिग्गा और पूजा कुमारी को जाति प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। वहीं चान्हो की सरिता कुमारी और जिंगी (कुरु) के वसीम अकरम को जन्म प्रमाण पत्र दिया गया। नगड़ी अंचल में अजय यादव और निशा कुमारी के दाखिल-खारिज वाद का निष्पादन कर नामांतरण शुद्धि पत्र निर्गत किया गया। राहे अंचल में 90 मामलों, सिल्ली अंचल में 69 मामलों और सोनाहातु अंचल में कई प्रमाण पत्रों का त्वरित निष्पादन किया गया। सिल्ली अंचल में वज्रपात आपदा से प्रभावित ग्राम हलमद निवासी अकलु महतो को चार लाख रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई। खलारी अंचल में 19, नगड़ी अंचल में 120, अरगोड़ा अंचल में 73, चान्हो अंचल में 146 और बुढ़मू अंचल में 53 आवेदनों का निष्पादन किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
