अंबिकापुर, 30 जनवरी (हि.स.)। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और आत्महत्या के दुष्प्रेरण के गंभीर मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मर्ग क्रमांक 05/26 धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपित उमेश कुमार यादव (24 वर्ष), निवासी मुर्ताडांड चिपरकाया, थाना बतौली ने मृतिका के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में शादी से इनकार किए जाने पर मृतिका मानसिक रूप से परेशान और प्रताड़ित हो गई, जिसके चलते उसने आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मामले की पुष्टि होने पर थाना बतौली में अपराध क्रमांक 15/26 दर्ज करते हुए आरोपित के विरुद्ध धारा 65(1), 64(2)(एम), 107 बीएनएस, 4 व 6 पोक्सो एक्ट तथा 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपित को तलब कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपित को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सीतापुर राजेंद्र मंडावी के नेतृत्व मे थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर,सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, प्रधान आरक्षक रविश लकड़ा, अनूप कुजूर, महिला आरक्षक मेरी क्लोरेट तिर्की, आरक्षक राजेश खलखो, राजू कुजूर, जोगी बड़ा, भगलू राम, गजानंद पैकरा, संतोष बरवा सक्रिय रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह
