अनूपपुर, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रसोई गैस की कथित कमी को लेकर शनिवार को युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कंधे पर खाली सिलेंडर रखकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने बताया कि पूरे देश में रसोई गैस सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर लोग घंटों लाइन में खड़े दिखाई दे रहे हैं और अपना काम-धंधा छोड़कर गैस सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं। इसके बावजूद आम लोगों को समय पर रसोई गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि कभी बुकिंग करने पर डीएसी नंबर नहीं मिल पाता, तो कभी गैस गोदामों में सिलेंडर खत्म होने के कारण लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा यह कहा जा रहा है कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। इस मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु और प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के निर्देश पर अनूपपुर में प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुड्डू चौहान के मार्गदर्शन में रेलवे स्टेशन तिराहा अनूपपुर में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय अनूपपुर से हुई, जहां युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इसके बाद पैदल मार्च निकालते हुए नारेबाजी करते हुए रेलवे स्टेशन तिराहा पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर और कंधों पर एलपीजी सिलेंडर लेकर विरोध जताया। तिराहे पर पहुंचकर सिलेंडर को माला पहनाई गई और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा के साथ पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व पूर्व अनूपपुर विधानसभा प्रत्याशी रमेश सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष रजन राठौर, ब्लॉक अध्यक्ष गुलाब पटेल, युवा कांग्रेस जिला महासचिव विवेक यादव, जिला महासचिव सागर पट्टावी, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष कोतमा मो. नदीम, विधानसभा अध्यक्ष अनूपपुर सैफ रिजवी, ब्लॉक अध्यक्ष मनीष पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष ऋषि वंशकार सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
