कानपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बुधवार को अन्तर राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह के दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 28 किलो 623 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर एसएन पाटीदार एवं जीआरपी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि, कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर गस्त के दौरान हैरिसगंज पुल के पास दो संदिग्ध युवक पीठ पर पिट्ठू बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिए। उन्हें रोककर पूछताछ करते हुए उनके बैग की तलाशी ली गई तो उनके पास से टेप से सील किये हुए 22 बंडल मिले। उन्हें खोलने पर उसमे गांजा पाया गया, जिसका वजन 28 किलो 623 ग्राम निकला।

पूछताछ पर तस्करों ने अपना नाम बिहार राज्य के रहने वाला गौतम राय और मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ निवासी महेश अहिरवार बताया। दोनों ने स्वीकारा कि वह भुवनेश्वर से गांजा खरीदकर कानपुर और उसके आस-पास के इलाकों में बेचते थे। यह काम काफी दिनाें से कर रहे हैं। तलाशी के दाैरान टीम काे जाे गांजा मिला है उसकी सप्लाई देने के लिए कानपुर आए थे तभी उन्हें पकड़ लिया गया। जीआरपी ने तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।——————-
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
