गुवाहाटी, 05 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को अभयापुरी, पश्चिम ग्वालपाड़ा, दुधनै, बोको-छयगांव, पलाशबाड़ी और दिसपुर विधानसभा क्षेत्रों में छह विजय संकल्प सभाओं में भाग लेकर भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाया।

इन सभाओं में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखी गई। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में रोजगार, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी विकास से जुड़े कई वादे दोहराते हुए कहा कि अगली बार सरकार बनने पर दो लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी और गरीब परिवारों को मुफ्त राशन सहित अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष पैकेज, नए शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल और आधारभूत ढांचे के विस्तार का भी आश्वासन दिया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
