अररिया 02 फरवरी(हि.स.)।इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा सोमवार को जिले के 44 परिक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न हुई।परीक्षा संचालन एवं विधि-व्यवस्था का डीएम एसपी ने जायजा लिया।

डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेन्द्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से कई परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।डीएम और एसपी ने अररिया महिला महाविद्यालय तथा फारबिसगंज के आदर्श मध्य विद्यालय भद्रेश्वर एवं कन्या मध्य विद्यालय गोढीयारे केंद्र पर तैनात पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीएम द्वारा परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षार्थियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर अररिया अनुमंडल में 23 तथा फारबिसगंज अनुमंडल में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, गश्तीदल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित परीक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारी पूरी तरह सक्रिय एवं मुस्तैद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर
