सीतापुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद में विकासखण्ड कसमण्डा की ग्राम पंचायत बड़ा पतारा में सरकारी मार्ग पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ तहसील प्रशासन ने साेमवार काे कार्रवाई की। इस दाैरान जेसीबी से कब्जा ध्वस्त करते हुए सड़क अतिक्रमण मुक्त कराई। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सख्ती का संदेश गया।

कमलापुर निवासी राम औतार चौधरी पुत्र जराखन की ओर से की शिकायत पर क्षेत्रीय लेखपाल पवन राय द्वारा अतिक्रमण की जांच की गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अवैध कब्जेदार रामदुलारे निवासी बड़ा पतारा को एक सप्ताह का नोटिस देकर स्वयं कब्जा हटाने का समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा में कब्जा न हटाए जाने पर आज दोपहर को प्रशासन ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर मार्ग कब्जा मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान कानूनगो सदानन्द वर्मा, क्षेत्रीय लेखपाल पवन राय, लेखपाल अनुप कुमार, सर्वेश सिंह, शुभम दुबे सहित पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष देखा गया, वहीं अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया। उप जिलाधिकारी राखी वर्मा ने बताया कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
