रामगढ़, 28 जनवरी (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाया जाएगा। रामगढ़ डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने बुधवार को खनन टास्क फोर्स के बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया। इस दौरान मौजूद एसपी अजय कुमार ने जंगल, नदी और अवैध मुहानों से कोयला और बालू की तस्करी करने वालों पर छापेमारी करने का निर्देश सभी थाना प्रभारियाें को दिया। बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने अवैध खनन के विरुद्ध किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी

डीसी ने कहा कि कहीं से भी अवैध मुहानों से खनन होने संबंधित सूचना प्राप्त होने पर अधिकारी त्वरित रूप से कार्रवाई करें। उसे अच्छी तरह बंद कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अवैध मुहानों की अच्छी तरह से डोजरिंग करने को लेकर डीसी ने सभी संबंधित परियोजनाओं के जीएम और एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर्स को कार्यों पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही अवैध मुहानों से किसी भी तरह का कोई भी खनन कार्य न होने देने पर ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी सीओ और सभी थाना प्रभारी को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए कई दिशा निर्देश दिया।

बैठक के दौरान एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधकों, अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित अन्य उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
