मुंबई, 24 फरवरी (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त भूषण गगरानी ने सोमवार को दादर इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने अवैध फेरीवालों और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।


शहर में सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए मनपा अभियान चला रही है। हाई कोर्ट के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और फुटपाथों पर आवाजाही में लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। अतिक्रमण से राहगिरों को परेशानी होने के साथ- साथ यातायात जाम और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। मुंबई मनपा की ओर से अवैध फेरीवाला मुक्त सड़क और मुक्त फुटपाथ नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। सोमवार को आयुक्त गगरानी ने ‘एफ दक्षिण’, ‘एफ उत्तर’ और ‘जी उत्तर’ विभागों का अचानक निरीक्षण किया। विशेष रूप से दादर क्षेत्र में अनधिकृत फेरीवालों और निर्माणों पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। आयुक्त गगरानी ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव जानें। मनपा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शहर में करीब एक लाख से अधिक अवैध फेरीवाले हैं। जिनके पास लाइसेंस है उनकी संख्या लगभग 30 हजार के आसपास है। पात्र और पंजीकृत फेरीवालों के लिए अधिकृत ‘हॉकर ज़ोन’ निर्धारित किए जा रहे हैं। लोगों को इस अभियान में सहयोग करना चाहिए, ताकि मुंबई को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और रहने योग्य शहर बनाया जा सके।
मुलुंड टी वार्ड अतिक्रमण दस्ते ने सोमवार को एसएल रोड और जेएन रोड पर कब्जा जमाए फेरीवालों पर कार्रवाई की। मुलुंड स्टेशन से डेढ़ सौ मीटर परिसर तक सड़क फेरी तरह मुक्त करा दी गई है। मुलुंड पश्चिम के आरआर टी रोड , जे एन रोड, नेताजी सुभाष रोड और एमजी रोड पर कब्जा जमाए हॉकर्स नहीं दिख रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
