खूंटी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। मुरहू थाना क्षेत्र में गत 3 फरवरी को अवैध हथियार बरामदगी मामले में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। मंगलवार की रात पुलिस ने मुरहू के गनालोया गांव में छापेमारी कर कांड के एक नामदर्ज आरोपित बिनोद कुमार गंझू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

उल्लेखनीय है कि गत 3 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर मुरहू थानांतर्गत ग्राम कोड़ाकेल स्थित सियो महतो के चाउमिन दुकान में छापेमारी की गई थी। छापेमारी के दौरान दुकान से अवैध रूप से रखे गए दो देशी कट्टा और दो राउंड जिंदा गोली बरामद किया गया था। इस संबंध में मुरहू थाना

में चार नामदर्ज अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। पुलिस की ओर से की गई त्वरित कार्रवाई में पूर्व में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही कांड के अन्य बिंदुओं पर भी अनुसंधान जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
