अशोकनगर, 07 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में लाड़ली बहनों ने सामूहिक रूप से मिलकर सामाजिक चेतना के लिए श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन कराया जो आगामी 10 फरवरी तक जारी रहेगा।

जानकारी के अनुसार जिले में मुंगावली तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम चिरोली की लाड़ली बहनाओं के द्वारा मध्य प्रदेश शासन के मुख्यमंत्री द्वारा प्रेषित की जा रही लाड़ली बहना राशि में से योगदान राशि प्रदान कर ग्राम चिरौली में 4 फरवरी से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है, जो कि 10 फरवरी तक चलेगा। लाड़ली बहनों के इस सद्प्रयास को सभी ग्राम वासियों ने भी अपना सहयोग प्रदान किया है।

ग्राम पंचायत चिरौली के सचिव गोविंद सिंह कुशवाह ने बताया है कि, लगभग 100 लाड़ली बहनों के द्वारा 85000 रुपयों की राशि एकत्रित की गई है, जो ग्राम चिरौली की लाडली बहनाओं के द्वारा एक अनूठी पहल है, जिसे जितना भी साराहा जाए उतना कम है, ग्राम पंचायत में इस अनूठी पहल से उत्सव का माहौल हो गया है, सभी ग्रामवासी उत्साह के साथ श्रीमद् भागवत कथा का रसास्वादन कर रहे हैं, इस प्रकार के नवाचार समाज में नई चेतना का उदय करते हैं, जो की वर्तमान युग में बहुत आवश्यक है।
इस प्रकार लाड़ली बहनाओं के द्वारा सामाजिक एवं आध्यात्मिक चेतना को जगाने के लिए शासन द्वारा प्राप्त धनराशि का जो सदुपयोग किया जा रहा है वह बहुत अनुकरणीय है, और तारीफ के काबिल है।
क्योंकि आमतौर पर लाड़ली बहनाओं को प्राप्त धनराशि का उपयोग या तो वे अपने निजी कार्य में करती हैं या उनके घर उपयोग के लिए वह राशि काम आती है, परंतु ग्राम चिरौली में लाड़ली बहनाओं ने एक अच्छा नवाचार प्रस्तुत किया है जो अनुकरणीय भी है और सराहनीय भी, जिले की लाड़ली बहनाओं के द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य की चारों ओर बहुत प्रशंसा हो रही है और सभी ने मुक्त कंठ से ग्राम चिरौली की लाड़ली बहनाओं को इस कार्य के लिए बधाई दी है।
ग्राम चिरौली में श्री हनुमान जी के मंदिर प्रांगण में यह श्रीमद् भागवत जी कथा हो रही है, जिसका वाचन कथा व्यास पंडित शांति कुमार मिश्रा के द्वारा किया जा रहा है। मंदिर के पुजारी पंडित चंद्र कुमार मिश्रा ने यह बताया है कि, लाड़ली बहनों के द्वारा जन जागृति एवं आध्यात्मिक चेतना के लिए जो अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया है, वह सभी को पसंद आ रहा है और सभी ओर सराहा भी जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार
