अशोक नगर, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की बहादुरपुर तहसील की ग्राम पंचायत जसैया के ग्राम कानीखेडी स्थित प्रदेश के तीर्थ क्षेत्र मां जानकी माता करीला धाम पर रंगपंचमी के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक करीला मेला सोमवार को सम्पन्न हुआ। इन तीन दिनों में लाखों श्रद्धालुओं ने करीलाधाम पहुंचकर माता जानकी के दर्शन किए।

करीला के मुख्य मंदिर में मॉ जानकी के साथ-साथ महर्षि वाल्मीकि व लव- कुश की प्राचीन प्रतिमाएं स्थापित हैं। रंगपंचमी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का करीला धाम आना प्रारंभ हो गया था। रंग पंचमी के दिन व रात में लाखों श्रद्धालुओं ने मॉ जानकी के मंदिर में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया तथा दर्शन लाभ लिए। मॉ जानकी के दरबार में आकर लाखों श्रद्धालुओं ने माता जानकी मैया के जयकारों के साथ रैलिंग में कतारबद्ध होकर दर्शन किए तथा मन्नतें मॉगी। मन्नतें प्राप्त हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के बाहर राई एवं बधाई नृत्य करवाया।
रंग बिरंगी लाइटों से सुसज्जित मंदिर परिसर रोशनी से सराबोर रहा।मेला में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर व्यापक इंतजाम किये गये। करीला मेला में कलेक्टर साकेत मालवीय एवं पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा करीला मेला की निरंतर मॉनीटरिंग कर जायजा लेते रहे। इस दौरान उन्होंने मेला परिसर की पल-पल की अपटेड की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं को चुस्त दुरूस्त रखा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
