
रामगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। महाअष्टमी की पूजा रामगढ़ जिले में संपन्न हो गई। इसके साथ ही पूरा रामगढ़ जिला भगवामय हो गया। रामगढ़ शहर में रामनवमी पूजा समिति की ओर से जुलूस और झांकी की बेहतरीन तैयारी की गई है। हर जगह पर जुलूस के स्वागत के लिए तैयारी की गई है। इसके अलावा रामगढ़ शहर के मुख्य मार्ग और गलियों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।

पंचमुखी हनुमान मंदिर, विघ्नेश्वरी माता मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर, किला मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, नईसराय हनुमान मंदिर, बाजारटांड़ हनुमान मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।
रामगढ़ शहर के कई स्थानों पर स्थाई झांकी लोगों के मनोरंजन का केंद्र बनेगी। सुभाष चौक मां विघ्नेश्वरी मंदिर परिसर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, लोहार टोला शिवाजी चौक, काली मंदिर, झंडा चौक, थाना चौक, बाजारटांड़ में स्थाई झांकी रहेगी। इसके अलावा दुसाध मोहल्ला बाल मंडली के द्वारा चलंत झांकी की तैयारी की गई है। खाटू श्याम मंदिर की चलंत झांकी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
