गुवाहाटी, 17 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव-2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। तमाम राजनीतिक दल उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस गठबंधन में शामिल असम जातीय परिषद (एजेपी) ने भी मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई को खोवांग विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, डिब्रूगढ़ से मैनाक पात्रा, पलासबारी से पंकज लोचन गोस्वामी और बजाली से दिलीप बरुवा को मैदान में उतारा गया है। वहीं सरूपथार से जीवन सुतिया, बिन्नाकांडी से रेजाउल करीम चौधरी और मोरीगांव से बानी दास को टिकट दिया गया है।
सबसे ज्यादा चर्चा बरहमपुर सीट से उम्मीदवार बनाए गए राजेन गोहाईं को लेकर हो रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कभी भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता रहे गोहाईं का एजेपी से चुनाव लड़ना राजनीतिक हलकों में खासा ध्यान खींच रहा है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद राजेन गोहाईं भाजपा से नाराज चल रहे थे। उन्हें राज्यसभा भेजे जाने की उम्मीद थी, लेकिन जब यह संभव नहीं हो पाया, तो उन्होंने पार्टी के खिलाफ बगावती रुख अपनाया और अंततः भाजपा छोड़कर एजेपी में शामिल हो गए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, मध्य गुवाहाटी और सादिया सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम अभी तय नहीं किए गए हैं। इन सीटों की घोषणा अगले चरण में की जाएगी।
एजेपी की इस पहली सूची के साथ ही राज्य में चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ होने लगी है। आने वाले दिनों में अन्य दलों और गठबंधनों द्वारा भी उम्मीदवारों की घोषणा के साथ राजनीतिक माहौल और गरमाने की उम्मीद है।————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
