पश्चिम मेदिनीपुर, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के बड़ा शिमला गांव में मंगलवार शाम अचानक आए तेज आंधी के दौरान बिजली का खंभा गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान भारती सांतरा (50) के रूप में हुई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आंधी के समय वह गांव के एक घासघर के पास खड़ी थीं। इसी दौरान तेज हवा के कारण अचानक बिजली का खंभा गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पाकर दासपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
