बरेली, 1 फरवरी (हि.स.) । इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आई.आई.ए.) बरेली चैप्टर ने आज केंद्रीय बजट 2026 का सजीव प्रसारण उद्यमियों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ देखा। इसके बाद आयोजित परिचर्चा में उपस्थित उद्यमियों ने बजट के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की और त्वरित प्रतिक्रियाएं साझा कीं।

चैप्टर चेयरमैन मयूर धीरवानी ने कहा कि यह बजट अत्यंत अग्रगामी और उद्योग-हितैषी है। एमएसएमई को “चैम्पियन” के रूप में स्थापित करने के प्रयास स्पष्ट दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि कर प्रणाली में सरलता और ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस के उपाय उद्यमियों को लाभान्वित करेंगे।
चैप्टर सचिव रजत मेहरोत्रा ने बजट को उद्योग, एमएसएमई और स्टार्टअप्स के लिए मजबूत समर्थन बताते हुए कहा कि ऋण सुविधा, क्रेडिट गारंटी, डिजिटल इंडिया और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस से उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी।
कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि रोजगार सृजन, कौशल विकास और मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने वाले प्रावधानों से लघु एवं मध्यम उद्योगों को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। आसान वित्तीय पहुंच और बैंकिंग सुधार उद्यमियों के लिए व्यवसाय विस्तार में सहायक होंगे।
परिचर्चा में सभी सदस्यों ने एकमत होकर बजट की सराहना की और इसे उद्योग, व्यापार और अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज गोयल, सी.ई.सी. सदस्य विमल रिवाड़ी, राष्ट्रीय सचिव तनुज भसीन सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
