खड़गपुर, 19 मार्च (हि. स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के संकाय सदस्य प्रो. सुदीप मिश्रा को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रतिष्ठित ओम प्रकाश भसीन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। यह जानकारी गुरुवार दोपहर आईआईटी खड़गपुर द्वारा प्रेस विज्ञप्ति द्वारा साझा किया गया।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया वर्ष 1985 में स्थापित यह पुरस्कार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को मान्यता प्रदान करता है और प्रत्येक वर्ष ओम प्रकाश भसीन फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार के अंतर्गत प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह (प्लाक) तथा एक लाख की नकद राशि प्रदान की जाती है। यह पुरस्कार ओम प्रकाश भसीन की विरासत का सम्मान करते हुए उन उत्कृष्ट उपलब्धियों को प्रोत्साहित करता है, जो समाज एवं प्रौद्योगिकी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रो. मिश्रा के अग्रणी शोध कार्य, उत्कृष्ट शैक्षणिक नेतृत्व तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके सतत योगदान को इस प्रतिष्ठित सम्मान के माध्यम से मान्यता मिली है। उनका शोध कार्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल रहा है। यह उपलब्धि आईआईटी खड़गपुर के सुदृढ़ शोध वातावरण, नवाचार की संस्कृति और उत्कृष्टता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है।
संस्थान ने प्रो. मिश्रा को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
