नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। आईआईटी कैंपस स्थित न्यू विंध्याचल अपार्टमेंट में रहने वाले के बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। छात्र की पहचान हर्षित स्वामी के रूप में हुई है। छात्र का शव गुरुवार सुबह पंखे के सहारे फांसी पर लटका मिला। किशनगढ़ पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने घटना में किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका से इनकार किया है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार हर्षित स्वामी बीटेक सिविल इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष का छात्र था। अपनी मां के साथ वह आईआईटी कैंपस स्थित न्यू विंध्याचल अपार्टमेंट में रहता था। 10 मार्च को छात्र की मां अपने पैतृक घर गई थीं। अंतिम बार 11 मार्च की रात करीब 11 बजे उन्होंने हर्षित से बात की थी। सुबह जब उन्होंने छात्र को फोन किया तो कोई जवाब नहीं आया। इस पर उन्होंने अपार्टमेंट में ही रहने वाले एक अन्य छात्र से बेटे को देखने के लिए कहा। वह जब कमरे में पहुंचा तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। मामले की सुरक्षा सुरक्षा कर्मचारियों को दी गई। सुरक्षा कर्मचारियों ने जबरदस्ती दरवाजा खोला तो पंखे से हर्षिक स्वामी का शव लटका मिला। छात्र के पंखे से उतारकर आईआईटी परिसर में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्राइम तथा एफएसएल टीम को भी जांच के लिए घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
पिता ने नहीं जताया किसी प्रकार का संदेह
पुलिस ने मृतक छात्र के पिता का बयान दर्ज किया है। उन्होंने घटना में किसी भी प्रकार की साजिश या अन्य किसी भी संदेह से इंकार किया। शव का सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
आईआईटी के सुरक्षा अधिकारी ने 24 मार्च 2025 के सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए पुलिस को एक लिखित शिकायत दी है। शिकायत में केस दर्ज करने और मामले की विस्तृत जांच की मांग की गई है। इसके आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
