नई दिल्ली, 09 फ़रवरी (हि.स.)। चुनाव आयोग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी अशोक कुमार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) दिल्ली का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। वह इस पद पर आईएएस अधिकारी आर एलिस वाज़ का स्थान लेंगे।

निर्वाचन आयोग के सोमवार के आदेश के अनुसार दिल्ली सरकार से परामर्श के बाद अशोक कुमार (एजीएमयूटी कैडर: 2006) के नाम को मंजूरी दी गयी है। नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने वाले दिन से प्रभावी होगी, जो अगले आदेश तक जारी रहेगी।

आयोग ने निर्देश दिया है कि अशोक कुमार तत्काल प्रभाव से मुख्य निर्वाचन अधिकारी का कार्यभार संभालें। साथ ही एक सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट भेजने को भी कहा गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पदभार ग्रहण करने से पहले वह दिल्ली सरकार के तहत बाकी सभी पद छोड़ देंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए वह कोई अतिरिक्त प्रभार नहीं संभालेंगे, हालांकि उन्हें राज्य सचिवालय में निर्वाचन विभाग के प्रभारी सचिव के रूप में नामित किया जाएगा।
———–
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
