बरेली, 18 मार्च (हि.स.)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली की ओर से आयोजित आईएमए फुटबॉल लीग सीजन-3 (2026) की ऑक्शन सेरेमनी बुधवार को आईएमए भवन में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डॉक्टरों ने भाग लिया और पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना व प्रतिस्पर्धा का जोश देखने को मिला।

इस वर्ष लीग में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें 6 पुरुष, 2 महिला और 4 किड्स टीमें शामिल हैं। ऑक्शन के दौरान खिलाड़ियों की बोली को लेकर खासा उत्साह रहा। पुरुष वर्ग में डॉ. अभिषेक सिंह सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें 17 हजार रुपये की सर्वोच्च बोली पर खरीदा गया।
कार्यक्रम में आईएमए बरेली के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव, स्पोर्ट्स चेयरमैन डॉ. मनोज अग्रवाल, सचिव डॉ. अंशु अग्रवाल, कोषाध्यक्ष डॉ. शालिनी महेश्वरी, लीग चेयरमैन डॉ. वीरेंद्र प्रताप और कन्वीनर डॉ. रोहम गुप्ता समेत कई वरिष्ठ व युवा चिकित्सक मौजूद रहे।
इसके अलावा डॉ. डी.पी. गंगवार, डॉ. हिमांशु अग्रवाल, डॉ. विनोद राठौर, डॉ. आर.पी. सिंह, डॉ. मोहित गुप्ता, डॉ. एकांश अग्रवाल, डॉ. अनिल गंगवार, डॉ. शशांक मिश्रा, डॉ. नविदेता गुप्ता और डॉ. मेघा टंडन सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।
अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह लीग डॉक्टरों के बीच आपसी सौहार्द, फिटनेस और टीम भावना को बढ़ावा देने का अच्छा माध्यम है। उन्होंने बताया कि लीग का आयोजन 12 अप्रैल 2026 से किया जाएगा, जिसे लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
————
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
