आसनसोल, 07 अप्रैल (हि.स.)।

सेल-इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर
के विजिलेंस (सतर्कता) विभाग द्वारा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं सुधार हेतु एक महत्वपूर्ण सिस्टम इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट (एस आई पी) के अंतर्गत “ऑनलाइन परफॉर्मेंस सर्टिफिकेट” प्रणाली का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। प्रणाली का उद्घाटन निदेशक प्रभारी सुरजीत मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर संयंत्र के सभी मुख्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
वर्ष 2025 में सेल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सी वी ओ) की स्वीकृति के पश्चात इस परियोजना को प्रारंभ किया गया था, जिसका उद्देश्य ठेकेदारों को जारी किए जाने वाले परफॉर्मेंस/कम्प्लीशन सर्टिफिकेट की प्रक्रिया को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाना है।
इस अवसर पर आई एस पी, बर्नपुर के सतर्कता विभाग के प्रमुख मुख्य महा प्रबंधक एवं ए सी वी ओ जितेंद्र यादव सपकाले ने बताया कि नई प्रणाली के माध्यम से जॉब कॉन्ट्रैक्ट्स के कम्प्लीशन सर्टिफिकेट अब ऑनलाइन जारी एवं ट्रैक किए जा सकेंगे। ठेकेदार इन प्रमाणपत्रों को पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे, जबकि क्यू आर कोड आधारित सत्यापन से प्रमाणपत्रों की प्रामाणिकता सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर प्रणाली के सफल कार्यान्वयन में योगदान देने वाले समिति सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
