आगरमालवा, 27 जनवरी (हि.स.)। आगरमालवा जिले के नलखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के अन्तर्गत

ग्राम कोहड़िया में आज मंगलवार को हुए एक भीषण हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो

गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ढाबे पर जमीन का भराव करने हेतु मटेरियल डालने पहुंचे
डंपर के साथ यह हादसा उस वक्त घटित हुआ, जब मटेरियल खाली करने के बाद डंपर के हाइड्रोलिक
सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। मटेरियल खाली हो जाने के बाद भी डंपर का पिछला
हिस्सा पूरी तरह नीचे नहीं आ पाया। इसी दौरान डंपर अनियंत्रित स्थिति में ऊपर से गुजर
रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। टकराते ही डंपर में तेज करंट फैल गया
और आसपास मौजूद लोग उसकी जद में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही
करंट से झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना अचानक
और भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर
भागते नजर आए। मृतकों में से एक की पहचान भुरू सेन के रूप में हुई है, जबकि दूसरे व्यक्ति
की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए
अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते
ही नलखेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए विद्युत
विभाग की मदद से बिजली सप्लाई बंद करवाई, ताकि कोई और हादसा न हो। इसके बाद मृतकों
के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच
शुरू कर दी है।।।
हिन्दुस्थान समाचार/रीतेश शर्मा
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा
