

आजमगढ़, 08 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की पुलिस ने चलाए जा रहे विशेष मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत जनवरी 2026 में पुलिस ने 197 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। उसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। बरामद फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा है।

जनपद में नागरिकों के गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत मोबाइल गुम होने पर पीड़ितों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जाती है। उसी के आधार पर मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रैक कर बरामद किया जाता है।

आजमगढ़ में यह अभियान फरवरी 2024 से निरंतर संचालित है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में आजमगढ़ पुलिस द्वारा 1553 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। वहीं, फरवरी 2024 से अब तक बीते 24 महीनों में कुल 3001 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। उसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 7.5 करोड़ रुपये है। सफलतापूर्वक बरामद कर नागरिकों को लौटाए जा चुके हैं।
इसी क्रम में पुलिस द्वारा माह जनवरी 2026 के दौरान कुल 197 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। उसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। मोबाइल फोन पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ देखी गई।
एसपी ग्रामीण ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल की बरामदगी की प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान
