भागलपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेकाबगंज में गुरुवार को आपसी विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई।

इस घटना में दोनों पक्ष से कई लोग घायल हो गए हैं। घायल अनिल मंडल ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला मुकेश उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था। इसका विरोध करने पर मुकेश के साथ उसके परिवार के राजेंद्र, मुरारी सहित तीन-चार अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

अनिल मंडल के अनुसार मारपीट में न सिर्फ वे खुद घायल हुए बल्कि उनकी पत्नी और तीन बेटों के साथ भी मारपीट की गई। जिससे उनके परिवार के कुल सात लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही अनिल मंडल ने फोन कर तातारपुर थाना को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां उनका इलाज जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
