खूंटी, 03 मार्च (हि.स.)। होली के अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त आर रॉनिटा ने समस्त जिलावासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का पर्व है, जिसे सभी लोग मिल-जुलकर शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं।

उपायुक्त के निर्देश पर होली पर्व के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजनों की सहायता एवं किसी भी प्रकार की शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है।
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के लिए दूरभाष संख्या (9471771101 / 9262998530 )जारी की गई है।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त के निर्देशानुसार अनुमंडल स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष स्थापित करते हुए दूरभाष संख्या 06528-295205 जारी की गई है। उक्त नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालन के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों को सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति अथवा शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने कहा है कि जिला प्रशासन की ओर से होली पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने आमजनों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जारी दूरभाष संख्याओं पर तत्काल संपर्क करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
