शिमला, 14 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के आयुर्वेदिक अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब दवाइयों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने राज्यभर के आयुर्वेदिक अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के लिए करीब 9 करोड़ रुपये की आयुर्वेदिक दवाइयों का सप्लाई ऑर्डर जारी किया है। इससे आने वाले समय में मरीजों को उपचार के दौरान जरूरी दवाइयां आसानी से मिल सकेंगी।

आयुर्वेद विभाग के अनुसार यह दवाइयां प्रदेश के 1241 आयुर्वेदिक अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के लिए खरीदी जा रही हैं। इसका उद्देश्य प्रदेशभर में आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करना और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
विभाग ने बताया कि इस ऑर्डर के तहत करीब 150 से 155 प्रकार की आवश्यक आयुर्वेदिक दवाइयों की खरीद की जा रही है। इन दवाइयों को चरणबद्ध तरीके से सभी जिलों के माध्यम से अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
दरअसल, प्रदेश के कई दूरदराज क्षेत्रों में स्थित आयुर्वेदिक अस्पतालों में अक्सर दवाइयों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे में नई दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित होने से इन क्षेत्रों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि इससे आयुर्वेदिक चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी और मरीजों का भरोसा भी बढ़ेगा।
आयुर्वेद विभाग ने यह भी बताया कि इससे पहले करीब तीन महीने पहले भी प्रदेश के अस्पतालों में लगभग 4 करोड़ 5 लाख रुपये की दवाइयां उपलब्ध करवाई गई थीं। अब नए ऑर्डर के बाद दवाइयों की आपूर्ति और बेहतर होने की उम्मीद है।
आयुर्वेद विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉक्टर अमित गुलेरिया ने कहा कि प्रदेश के सभी आयुर्वेदिक अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध करवाने के लिए 9 करोड़ रुपये का सप्लाई ऑर्डर जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि दवाइयों की खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें जल्द ही अस्पतालों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
