भुवनेश्वर, 20 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में चलाए जा रहे कार्यक्रमों के तहत ओडिशा में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। संघ के अनुसार अब तक राज्य में स्वयंसेवकों ने 30 लाख परिवारों से संपर्क स्थापित किया है।

संघ के ओडिशा पूर्व प्रांत के प्रांत संघचालक समीर कुमार महान्ति ने शुक्रवार को भुवनेश्वर में पत्रकाराें काे बताया कि ओडिशा समेत पूरे देश में हिंदू सम्मेलन, युवा सम्मेलन और सामाजिक सद्भाव बैठकों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में ‘पंच परिवर्तन’ के तहत सामाजिक समरसता, परिवार को संस्कार केंद्र के रूप में विकसित करना, पर्यावरण संरक्षण, ‘स्व’ जागरण तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।
महान्ति ने बताया कि ओडिशा में भी इस अभियान के तहत 31,645 गांवों और 742 शहरी बस्तियों में संपर्क किया गया। राज्य 1,398 स्थानों पर हिंदू सम्मेलन, 73 स्थानों पर युवा सम्मेलन और 227 स्थानों पर सामाजिक सद्भाव बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। प्रेस वार्ता में बताया गया कि पिछले वर्ष गुरु तेग बहादुर के 350वें बलिदान दिवस के अवसर पर स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष का उत्सव भी देशभर में मनाया जा रहा है। आगामी वर्ष संत रविदास की 650वीं जयंती देशभर में मनाई जाएगी।
संघ के अनुसार, वर्तमान में देशभर में 88,949 दैनिक शाखाएं और 32,606 साप्ताहिक मिलन संचालित हो रहे हैं। इनमें ओडिशा में 2,516 स्थानों पर 3,041 दैनिक शाखाएं और 498 स्थानों पर 580 साप्ताहिक मिलन शामिल हैं। देश में 13,714 बस्तियों में सेवा कार्य चल रहे हैं, जबकि ओडिशा में 196 बस्तियों में सेवा कार्य और 172 बस्तियों में संपर्क कार्य जारी हैं। इस वर्ष देशभर में 96 प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे, जिनमें से 3 ओडिशा में प्रस्तावित हैं। शताब्दी वर्ष के अवसर पर शाखाओं के विस्तार का भी लक्ष्य रखा गया है।
उन्हाेंने संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा का आयोजन 13 से 15 मार्च तक हरियाणा के समालखा में हुआ था। इस प्रतिनिधि सभा में देशभर से 1,438 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें ओडिशा से 46 प्रतिनिधि शामिल थे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के 32 प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इस बैठक में जानकारी दी गई कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर स्वयंसेवकों ने देशभर के 3,90,000 गांवों और 31,500 शहरी बस्तियों में घर-घर जाकर संपर्क किया तथा लगभग 10 करोड़ परिवारों तक पहुंचे। पत्रकार वार्ता में ओडिशा पूर्व प्रांत के प्रचार प्रमुख सुमंत कुमार पंडा और सह-प्रचार प्रमुख मनिंद्र सुंदर दास भी उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
