– रानी रेवती देवी में मनाई गई डॉ अंबेडकर जयंती एवं आशा भोंसले को अर्पित की श्रद्धांजलि

प्रयागराज, 13 अप्रैल (हि.स)। विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर में सोमवार को नवनियुक्त प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह के नेतृत्व में संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इसी क्रम में पद्म विभूषण एवं दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
दोनों विभूतियों को नमन करते हुए प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह ने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर भारतीय संविधान के जनक, महान सुधारक अर्थशास्त्री और दलितों के मसीहा थे। उन्होंने जाति आधारित भेदभाव के खिलाफ जीवन भर संघर्ष किया और भारत को एक समतामूलक लोकतांत्रिक देश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आरक्षण की नहीं संरक्षण की आवश्यकता है।
इसी क्रम में उन्होंने आशा भोंसले को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे फ़िल्मों की मशहूर पार्श्वगायिका थीं। लता मंगेशकर की छोटी बहन और दीनानाथ मंगेशकर की पुत्री आशा ने फिल्मी और गैर फिल्मी लगभग 15-16 हजार गाने गाये हैं और इनकी आवाज़ के प्रशंसक पूरी दुनिया में फैले हुए हैं। हिंदी के अलावा उन्होंने मराठी, बंगाली, गुजराती, पंजाबी, भोजपुरी, तमिल, मलयालम, अंग्रेजी और रूसी भाषा के भी अनेक गीत गाए हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने प्रसिद्ध संगीताचार्य मनोज गुप्ता के निर्देशन में संगीतिक प्रस्तुति के क्रम में गीत एवं भाषण के माध्यम से दोनों विभूतियों का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन सत्य प्रकाश पाण्डेय ने किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
