कटिहार, 27 जनवरी (हि.स.)। कटिहार रेलमंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों को सुरक्षा और रेल नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए एक नई और आधुनिक पहल शुरू की है। अब आरपीएफ जवान सेगवे (इलेक्ट्रिक स्कूटर) पर सवार होकर प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में घूमते हुए यात्रियों को सुरक्षित यात्रा, टिकट संबंधी नियम, स्टेशन पर अनुशासन और सामान की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण संदेश दे रहे हैं।

आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि सेगवे का इस्तेमाल करने का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और रेलवे नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। सेगवे की मदद से आरपीएफ जवान जल्दी और आसानी से प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंच सकते हैं और यात्रियों को आवश्यक जानकारी प्रदान कर सकते हैं।

यात्रियों ने इस कदम को सराहा है और इसे एक नया और सकारात्मक अनुभव बताया है। एक यात्री ने कहा कि सेगवे पर घूमते हुए आरपीएफ जवानों को देखना बहुत अच्छा लगा। वे हमें सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं और हमें रेलवे नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि यह पहल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे नियमों का पालन करने के लिए उठाया गया है, जिसे भविष्य में और व्यापक स्तर पर लागू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अन्य स्टेशनों पर भी सेगवे का इस्तेमाल शुरू किया जायेगा और यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए और भी कदम जायेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह
