आसनसोल, 17 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले में आगामी चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को आसनसोल के दो केन्द्रों पर पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कमीशनिंग का कार्य पर्यवेक्षकों की निगरानी में संपन्न किया गया।

आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में आसनसोल उत्तर, आसनसोल दक्षिण और कुल्टी विधानसभा क्षेत्रों की मशीनों का कमीशनिंग किया गया, जबकि आसनसोल पॉलटेकनिक कॉलेज में बाराबनी और जामुड़िया विधानसभा क्षेत्रों के लिए यह प्रक्रिया पूरी की गई। अन्य विधानसभा क्षेत्रों का कमीशनिंग कार्य दुर्गापुर क्षेत्र में किया गया।
आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीओ अधोर कुमार राय ने बताया कि दोनों केन्द्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार मशीनों की कमीशनिंग की जा रही है और यह पूरी प्रक्रिया 20 अप्रैल तक पूरी कर ली जाएगी।
कमीशनिंग के दौरान प्रत्येक ईवीएम और वीवीपैट मशीन की तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर गहन जांच की गई, ताकि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। इस प्रक्रिया में बैलेट यूनिट (बीयू) में प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिह्न के साथ बैलेट पेपर लगाए गए, कंट्रोल यूनिट (सीयू) में प्रत्याशियों की सेटिंग की गई, और वीवीपैट मशीनों में भी निर्धारित क्रम में प्रत्याशियों के नाम व चिह्न लोड किए गए, जिससे मतदाता अपने वोट की पुष्टि कर सकें।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कमीशनिंग के बाद सभी मशीनों को विधिवत सील कर दिया गया। सीलिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया गया, ताकि मशीनों की विश्वसनीयता बनी रहे। इसके बाद इन मशीनों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रॉन्गरूम में सुरक्षित रखा गया है, जहां चौबीसों घंटे सुरक्षा बलों की निगरानी सुनिश्चित की गई है। पूरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अभ्यर्थियों और उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई। उन्हें मशीनों की जांच, सेटिंग और सीलिंग की प्रक्रिया को करीब से देखने का अवसर दिया गया, जिससे किसी भी प्रकार के संदेह की गुंजाइश न रहे।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई है। प्रशासन ने विश्वास जताया है कि आगामी मतदान भी निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
