आसनसोल, 09 अप्रैल (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोलो ग्राउंड में आयोजित जनसभा के दौरान मोबाइल चोरी की कई घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस ने पोलो ग्राउंड से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर हीरापुर थाना ले जाया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

एक महिला ने बताया कि करीब 10 लड़कों का एक समूह उनके बेटे के बैग की चेन खोलकर मोबाइल निकालकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उन्होंने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस सभा के दौरान करीब 80 मोबाइल चोरी होने की शिकायतें सामने आई हैं। वहीं, एक अन्य व्यक्ति सर्वन शर्मा ने बताया कि जैसे ही वह मंच के पास से बाहर निकल रहे थे, अचानक उनकी जेब से मोबाइल गायब हो गया, जिसके बाद उन्हें चोरी का अहसास हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
